महाराष्ट्र में बड़ा हादसा, इंद्रायणी नदी पर बना पुल ढहा; कई मौतों की आशंका
महाराष्ट्र में बड़ा हादसा, इंद्रायणी नदी पर बना पुल ढहा; कई मौतों की आशंका
महाराष्ट्र के पिंपरी चिंचवाड़ में इंद्रायणी नदी पर बना पुल ढह गया। मलबे में कम से कम 10 से 15 लोगों के फंसे होने की आशंका है। वहीं पुलिस ने एक शख्स की मौत की पुष्टि की है। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस के मुताबिक दो घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। एनडीआरएफ की दो टीमों को राहत और बचाव के लिए रवाना कर दिया गया है।
स्थानीय विधायक सुनील शेलके ने कहा कि लोहे का यह पुल लगभग 30 साल पुराना था। हादसे के वक्त पुल पर करीब 100 लोग मौजूद थे। हालांकि कुछ लोग गिरने के बाद भी तैरकर किनारे आ गए।
मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि इस हादसे में कम से कम 25 से 30 लोगों के बहने की आशंका है। तालेगांव दाभाड़े कस्बे के पास एक फेमस पर्यटन स्थल है। यहां बड़ी संख्या में लोग आते हैं। पास में ही इंद्रायणी नदी पर लोहे का पुल बना था। स्थानीय लोगों का कहना है कि रविवार होने के चलते यहां भीड़ ज्यादा थी। जानकारी मिलने के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत बचाव का काम शुरू किया।
बता दें कि इस इलाके में पिछले दो दिनों से भारी बारिश हो रही है। ऐसे में इंद्रायणी नदी का बहाव भी तेज है। नदी के तेज बवाह में पर्यटकों के गिरने की वजह से राहत बचाव के काम में भी दिक्कत आ रही है। जानकारी के मुताबिक यह हादसा दोपहर में 3 बजे के करीब हुआ।
बता दें कि नदी को पैदल या फिर बाइक से पार करने के लिए यह पुल बनाया गया था। रविवार के चलते बड़ी संख्या में लोग पुल पर ही मौजूद थे। तभी पुल गिर गया। अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है कि इस हादसे के बाद कितने लोगों को सुरक्षित निकाला जा सका हैऔर कितने लापता हैं।