रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आज से दो दिन बिहार में, मिल सकती है बड़ी सौगात, ट्रेन से मुंगेर जाएंगे
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आज से दो दिन बिहार में, मिल सकती है बड़ी सौगात, ट्रेन से मुंगेर जाएंगे
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का दो दिवसीय बिहार दौरा गुरुवार से शुरू हो रहा है। इस दौरान वे एक साथ बिहार को रेलवे से जुडी कई परियोजनाओं की सौगात देंगे। वैष्णव गुरुवार रात को पटना पहुंच जाएंगे। उनका रात्रि विश्राम यहीं होगा। शुक्रवार को वे पटना से मुंगेर तक ट्रेन से सफर करेंगे। इस दौरान रेलवे स्टेशनों की स्थिति का जायजा लेंगे। जमालपुर में शुक्रवार को वे कई परियोजनाओं की सौगात देंगे।
जानकारी के अनुसार रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का गुरुवार ( आज) रात 11 बजे पटना एयरपोर्ट पहुंचने का कार्यक्रम है। उनका रात्रि विश्राम पटना में होगा। रेल मंत्री का मुख्य दौरा शुक्रवार को शुरू होगा। वे सुबह 8.30 बजे पटना से मुंगेर तक ट्रेन से सफर कर जाएंगे। बाद में उनका 11 बजे दिन से रेल इंजन कारखाना जमालपुर का निरीक्षण करने का कार्यक्रम है।
सूत्रों की मानें तो जमालपुर में वे बड़ी सौगात दे सकते हैं। वे बिहार से जुड़ी रेल परियोजनों की समीक्षा भी करेंगे। अश्विनी वैष्णव जमालपुर में वैगन पीओएच स्थल की नींव रखेंगे। दोपहर बाद वे वापस पटना के लिए रवाना हो जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे से पहले रेल मंत्री की इस यात्रा को बेहद अहम माना जा रहा है।