बिहार में नव संकल्प महासभा करेगी एलजेपी (आर); आरा से चिराग करेंगे आगाज, जानिए क्या सियासी प्लान
बिहार में नव संकल्प महासभा करेगी एलजेपी (आर); आरा से चिराग करेंगे आगाज, जानिए क्या सियासी प्लान
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर चिराग पासवान की लोजपा (आज) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 8 जून को आरा में नव संकल्प महासभा का आयोजन होगा। जिसका आगाज केंद्रीय मंत्री और पार्टी के अध्यक्ष चिराग पासवान करेंगे। इस सम्मेलन में 7 जिलों की 33 विधानसभा सीटों से लोगों को बुलाया जाएगा। एक लाख लोगों को बुलाने का लक्ष्य रखा गया है। नव संकल्प महासभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए सात जिलों को जोड़ा गया है , जिसमे अरवल जिले पर विशेष फोकस किया गया , बिहार में संगठन के दृष्टिकोण से अरवल ज़िला को मजबूत माना गया है।
पार्टी के प्रवक्ता राजू तिवारी ने कार्यक्रम की समीक्षा बैठक के दौरान जानकारी देते हुए बताय कि औरंगाबाद, कैमूर, रोहतास जिले से भी लोग आएंगे। घर-घर जाकर आमंत्रण दिया जाएगा। लाखों की तादाद में लोग इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। नव संकल्प महासभा बिहार के सभी जिलों में आयोजित की जाएगी। चिराग पासवान के बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट विजन से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में लोग लोक जनशक्ति पार्टी से जुड़ रहे हैं।
इस महासभा के जरिए लोजपा (आर) शाहाबाद और मगध के सात जिलों के 33 विधानसभाओं क्षेत्रों को साधने कोशिश करेगी। वहीं चिराग पासवान के विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चा के बीच राजू तिवारी ने बताया कि पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की मांग रही है, कि हमारे नेता (चिराग पासवान) चुनाव लड़ें। और खुद चिराग भी इस पर अपनी इच्छा जता चुके हैं। बिहार उनकी जन्मभूमि है, नस-नस में उनके बिहार है।
वहीं एनडीए के सीएम फेस के सवाल पर प्रवक्ता राजू तिवारी ने कहा कि चिराग पासवान साफ कर चुके हैं कि नीतीश कुमार के ही नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा। लेकिन हर पार्टी का कार्यकर्ता चाहता है कि सीएम उसकी पार्टी का बने। क्या बीजेपी नहीं चाहती कि उनका सीएम बने। आपको बता दें 2020 विधानसभा चुनाव में चिराग की पार्टी ने 137 सीटों पर चुनाव लड़ा था। जिसमें काफी सीटें शाहबाद क्षेत्र की थी। लोजपा (आर) के कारण नीतीश कुमार की जेडीयू को काफी नुकसान हुआ था।