Bihar news

JDU ने राजद सुप्रीमो पर साधा निशाना; ‘लालू यादव का भ्रष्टाचार हटाने का दावा करना मजाक से कम नहीं’

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

JDU ने राजद सुप्रीमो पर साधा निशाना; ‘लालू यादव का भ्रष्टाचार हटाने का दावा करना मजाक से कम नहीं’

पटना: बिहार में अभी विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन प्रदेश में जमकर बयानबाजी और आरोप-प्रत्‍यारोप का दौर जारी है। इसी क्रम में जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार ने रविवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर तीखा हमला बोला और उनके भ्रष्टाचार विरोधी दावों को ‘मज़ाक’ करार दिया। साथ ही, नीरज कुमार ने एनडीए सरकार के खिलाफ उनकी टिप्पणियों को लेकर उन पर पाखंड का आरोप भी लगाया।

बिहार की जनता पहचानती है विपक्ष का असली चेहरा

जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि चूंकि विपक्ष के पास जनसरोकार से जुड़ा कोई ठोस मुद्दा नहीं है इसलिए इक्का-दुक्का घटनाओं को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर राजनीतिक एजेंडा गढ़ने की राजद नाकाम कोशिश कर रहा है। हालांकि, बिहार की जागरूक जनता विपक्ष की राजनीतिक असलियत और उसका चाल, चरित्र और चेहरा भली-भांति पहचानती है।

लालू यादव अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें: नीरज कुमार

लालू यादव के उस सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि ‘डबल इंजन सरकार भ्रष्टाचार में डूबी हुई है’, जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने इस पर कहा कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री के पास इस विषय पर बोलने का कोई नैतिक आधार नहीं है। उन्होंने कड़े शब्दों में कहा, ‘लालू यादव कहते हैं कि वह भ्रष्टाचार हटाएंगे, यह कैसा मज़ाक है! आप चुनाव लड़ने के भी लायक नहीं हैं। आपको भ्रष्टाचार के मामलों में दोषी ठहराया गया है, इसलिए अपने स्वास्थ्य पर ध्यान दें। आपका राजनीतिक स्वास्थ्य और बिगड़ने वाला है।’

डबल इंजन वाली सरकार का मतलब है भ्रष्टाचार पर भ्रष्टाचार: लालू

लालू यादव ने इससे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एनडीए के नेतृत्व वाली बिहार सरकार पर व्यापक भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए पोस्ट किया था। शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर भ्रष्टाचार विरोधी छापेमारी का एक वीडियो साझा करते हुए, लालू ने दावा किया कि मौजूदा प्रशासन को हटाना ज़रूरी है।

लालू यादव ने कहा था- ‘डबल इंजन वाली सरकार का मतलब है भ्रष्टाचार पर भ्रष्टाचार! इस बार हमें इस भ्रष्ट व्यवस्था को बदलना होगा। इसलिए, हम मुख्यमंत्री बदलेंगे, हम सरकार बदलेंगे।’

1990 से 2005 तक का दौर बिहार का काला अध्याय

जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 1990 से 2005 तक का दौर बिहार के इतिहास में एक काला अध्याय था। तब सत्ता संरक्षित अपराधियों ने आम लोगों का जीना मुश्किल कर दिया था। उस समय राज्य की कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई थी।

राजद का सूपड़ा होगा साफ

वर्ष 2005 के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेश में सुशासन स्थापित कर भयमुक्त वातावरण कायम किया। राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि जिनकी सोच ही जंगलराज की रही है उन पर बिहार की जनता कभी भरोसा नहीं कर सकती। आने वाले विधानसभा चुनाव में राजद का सूपड़ा साफ हो जाएगा।

ये भी पढ़ें: शंकराचार्य का टाइटल हट जाना, गंदा आदमी है, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर क्यों भड़के जीतन राम मांझी?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *