Saran News

21 साल बाद मुख्यमंत्री ने किया सोनपुर मेले का उद्घाटन, जानें खासियत

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

बिहार के विश्वप्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला-2026 का रविवार, 22 नवंबर को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने विधिवत उद्घाटन किया। करीब 21 साल बाद किसी बिहार के मुख्यमंत्री ने खुद इस ऐतिहासिक मेले का शुभारंभ किया है। इससे पहले वर्ष 2005 में तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उद्घाटन किया था। इस बार 32 दिनों तक चलने वाले मेले में धार्मिक आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, पर्यटन और मनोरंजन के कई आकर्षण देखने को मिलेंगे।

बाबा हरिहरनाथ मंदिर में पूजा के बाद किया उद्घाटन

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उद्घाटन समारोह से पहले सोनपुर स्थित बाबा हरिहरनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर बिहार की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

मंदिर परिसर में उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। मंदिर समिति और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया।

इसके बाद मुख्यमंत्री अश्वारोही दस्ते की अगुवाई में मुख्य समारोह स्थल पहुंचे और नखास क्षेत्र स्थित पर्यटन विभाग के सांस्कृतिक मंच से मेले का उद्घाटन किया।

सोनपुर मेला बिहार की पहचान: सम्राट चौधरी

उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री ने सोनपुर मेले को बिहार की आस्था, संस्कृति और परंपरा का प्रतीक बताया।

उन्होंने कहा कि सोनपुर मेला केवल पशु मेला नहीं है, बल्कि बिहार की पहचान है। हरिहर क्षेत्र हजारों साल पुरानी धार्मिक मान्यताओं से जुड़ा हुआ है। यहां हरि और हर का वास माना जाता है। गज-ग्राह की पौराणिक कथा भी इस स्थान की धार्मिक महत्ता को दर्शाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सोनपुर मेले को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के नक्शे पर स्थापित करने के लिए प्रयास कर रही है। श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

22 नवंबर से 23 दिसंबर तक चलेगा सोनपुर मेला

इस वर्ष सोनपुर मेला 22 नवंबर से 23 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है। कुल 32 दिनों के इस आयोजन में परंपरागत गतिविधियों के साथ आधुनिक मनोरंजन की भी व्यवस्था की गई है।

मेले के प्रमुख आकर्षणों में शामिल हैं:

  • सांस्कृतिक कार्यक्रम और आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज
  • लाइट एंड साउंड शो
  • गंगा आरती और नौका दौड़
  • कुश्ती और पतंगबाजी प्रतियोगिता
  • मौत का कुआं और विभिन्न प्रकार के झूले
  • पशु मेला और पारंपरिक बाजार

पर्यटकों के ठहरने के लिए पर्यटन विभाग ने छह स्विस कॉटेज और राजवाड़ी टेंट की व्यवस्था की है। इनमें आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है।

सुरक्षा और यातायात के लिए विशेष इंतजाम

सोनपुर मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था की है।

मुख्य मंच और प्रवेश द्वारों पर दंडाधिकारियों के साथ सशस्त्र बल और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। यातायात नियंत्रण और पार्किंग के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।

उद्घाटन समारोह में कई मंत्री और सांसद रहे मौजूद

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल और कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार शामिल हुए।

इसके अलावा सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी और महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल भी उद्घाटन समारोह में मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *