समस्तीपुर में STF जवानों पर हमला, 50-60 अज्ञात युवकों पर FIR
समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र में 22 नवंबर की शाम श्रीराम जानकी मेडिकल कॉलेज के गेट नंबर-2 के पास STF जवानों के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। आरोप है कि विवाद के दौरान एक जवान की सोने की चेन भी छीन ली गई। पीड़ित जवान के आवेदन पर पुलिस ने 50 से 60 अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
घटनास्थल से पुलिस ने तीन बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। घायल जवान को पहले सरायरंजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर किया गया।
चाय की दुकान पर कहासुनी के बाद शुरू हुआ विवाद
प्राथमिकी के अनुसार, नरघोघी कैंप में प्रतिनियुक्त STF जवान भीष्मराज कुमार अपने साथी मुकेश कुमार और अमरेंद्र कुमार के साथ मेडिकल कॉलेज के गेट नंबर-2 के पास रजी अहमद की चाय-नाश्ते की दुकान पर गए थे। तीनों दुकान के बाहर बेंच पर बैठे थे।
इसी दौरान तीन बाइक से करीब आठ युवक वहां पहुंचे और बेंच के पास बाइक खड़ी कर दी। आरोप है कि एक युवक ने सिगरेट खरीदने के बाद अपना पैर जवान के बगल में रख दिया। भीष्मराज कुमार ने उसे पैर हटाने के लिए कहा, लेकिन वह नहीं माना।
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी, गाली-गलौज और धक्कामुक्की शुरू हो गई। आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि युवक ने जवान के चेहरे पर सिगरेट का धुआं फेंका और फोन कर अपने अन्य साथियों को बुला लिया।
लाठी-डंडे और चाकू लेकर पहुंचे 50-60 युवक
आवेदन के मुताबिक, कुछ देर बाद 50 से 60 युवक लाठी-डंडे, बांस और चाकू लेकर मौके पर पहुंच गए। इसके बाद STF जवानों के साथ मारपीट की गई, जिसमें जवान घायल हो गए।
बताया गया है कि आरोपितों के भागने के दौरान तीन बाइक और एक मोबाइल घटनास्थल पर छूट गए। सूचना मिलने पर सरायरंजन पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी युवक फरार हो चुके थे।
पुलिस ने घटनास्थल से बरामद सामान को अपने कब्जे में ले लिया। घायल STF जवान को सरायरंजन सीएचसी में प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें समस्तीपुर सदर अस्पताल रेफर कर दिया।
50 से 60 अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी
सरायरंजन थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि मारपीट की घटना हुई है। पीड़ित STF जवान भीष्मराज कुमार के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
मामले में 50 से 60 अज्ञात लोगों को आरोपित किया गया है। पुलिस के अनुसार, मौके से तीन बाइक और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। फिलहाल पुलिस घटना की जांच कर रही है और आरोपितों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।

