सोनपुर मेले में 10 लाख का घोड़ा बना आकर्षण, 8 साल का विशाल थार जीतने को तैयार
बिहार के विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेले में इन दिनों एक आठ वर्षीय बाल घुड़सवार और उसका घोड़ा लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। बक्सर जिले के रहने वाले विशाल सिंह अपने 10 लाख रुपये के घोड़े ‘साधु’ के साथ मेले के घोड़ा बाजार पहुंचे हैं। विशाल 25 नवंबर को मोकामा के विधायक अनंत सिंह की बेटी की शादी के अवसर पर बाढ़ के नदावां गांव में आयोजित होने वाली घुड़दौड़ में हिस्सा लेने की तैयारी कर रहे हैं। इस प्रतियोगिता के प्रथम विजेता को महिंद्रा थार रॉक्स मिलेगी।
8 साल के विशाल को घुड़सवारी का शौक, 40 की रफ्तार से दौड़ाता है साधु
विशाल ने बताया कि उन्होंने सात साल की उम्र में अपने पिता से घुड़सवारी सीखी थी। पिछले एक साल से वह लगातार अपने घोड़े साधु के साथ अभ्यास कर रहे हैं।
उनके मुताबिक, साधु करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ सकता है। विशाल को उम्मीद है कि वह प्रतियोगिता जीतकर थार गाड़ी अपने घर ले जाएंगे।
विशाल अपने घोड़े की सेहत और खानपान का भी विशेष ध्यान रखते हैं। साधु को घास, चोकर और भूसी के अलावा काजू और किशमिश भी खिलाई जाती है।
45 की रफ्तार वाला चेतक देगा विशाल के साधु को टक्कर
घुड़दौड़ में विशाल के सामने बक्सर के ही राजकुमार का घोड़ा ‘चेतक’ भी चुनौती पेश करेगा। राजकुमार के अनुसार, पांच साल की उम्र से चेतक सोनपुर मेले में आ रहा है।
उनका दावा है कि चेतक 45 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ता है। राजकुमार को भी प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल करने और थार जीतने की उम्मीद है।
इस तरह प्रतियोगिता में साधु और चेतक के बीच मुकाबले को लेकर घोड़ा प्रेमियों में उत्सुकता बनी हुई है।
पांच राज्यों से पहुंचे करीब 100 घोड़े
अनंत सिंह के पैतृक गांव बाढ़ के नदावां में आयोजित होने वाली इस घुड़दौड़ के लिए पांच राज्यों से लगभग 100 घुड़सवार अपने घोड़ों के साथ पहुंच चुके हैं।
इनमें राजस्थान, हरियाणा, गुजरात, उत्तर प्रदेश और बिहार के अलग-अलग जिलों के प्रतिभागी शामिल हैं। उनके ठहरने और खानपान के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
12 बीघे में तैयार हुआ रेस ट्रैक, विजेताओं को मिलेंगे बड़े इनाम
घुड़दौड़ के लिए नदावां गांव में करीब 12 बीघे के मैदान में विशेष रेस ट्रैक तैयार किया गया है। प्रतियोगिता के विजेताओं के लिए पुरस्कार भी निर्धारित किए गए हैं।
- पहला पुरस्कार: सफेद महिंद्रा थार रॉक्स।
- दूसरा पुरस्कार: बाइक।
- तीसरा पुरस्कार: स्कूटी।
विधायक अनंत सिंह का प्रिय घोड़ा ‘लाडला’ इस प्रतियोगिता में हिस्सा नहीं लेगा। वहीं, दो ईरानी घोड़ों को केवल प्रदर्शनी के लिए रखा जाएगा।
बेटी की शादी में जुटेंगे चार लाख मेहमान
यह घुड़दौड़ अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी के आयोजन का हिस्सा है। शिवांगी का विवाह 25 नवंबर को बिहटा के रिटायर्ड सैन्य अधिकारी रणविजय कुमार के बेटे ऋषिकेश से होना है।
इससे पहले वर्ष 2015 में उनकी बड़ी बेटी राजनंदिनी की शादी के दौरान भी घुड़दौड़ आयोजित की गई थी।
आयोजकों के मुताबिक, इस विवाह समारोह में देश-विदेश से करीब चार लाख मेहमानों के पहुंचने की संभावना है। मेहमानों के स्वागत के लिए लगभग 150 प्रकार के पकवान तैयार किए गए हैं।

