बिहार के 17 जिलों में दवा दुकानों पर छापेमारी, 164 तरह की दवाएं जब्त
बिहार में दवाओं के अवैध कारोबार पर रोक लगाने और गुणवत्तापूर्ण दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 17 जिलों में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान 22 दवा प्रतिष्ठानों की जांच की गई, जिनमें दो बिना अनुज्ञप्ति के संचालित मिले। अधिकारियों ने अलग-अलग दुकानों से 164 प्रकार की औषधियां जब्त कीं, जिनकी अनुमानित कीमत 1,02,116 रुपये बताई गई है।
17 जिलों में एक साथ चला जांच अभियान
औषधि नियंत्रण विभाग की टीमों ने राज्य के कई जिलों में दवा दुकानों और प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस अभियान में शामिल जिले हैं:
पूर्वी चंपारण, भागलपुर और मुजफ्फरपुर
समस्तीपुर, पटना और रोहतास
मधेपुरा, गयाजी और बक्सर
सुपौल, नालंदा और मुंगेर
मधुबनी, बेगूसराय और पूर्णिया
सिवान और कटिहार
पटना में चार दवा प्रतिष्ठानों की सघन जांच की गई। इस दौरान खरीद-बिक्री के दस्तावेज, दवाओं की गुणवत्ता, एक्सपायरी दवाओं के रखरखाव और भंडारण से जुड़े नियमों की पड़ताल की गई।
पटना की तीन दवा दुकानों में मिलीं अनियमितताएं
पटना के जी.एम. रोड स्थित बद्री फार्मा में जांच के दौरान 11 औषधियों के अनुमोदन से जुड़े अभिलेख नहीं मिले। चार दवाओं के खरीद बिल प्रस्तुत नहीं करने पर फॉर्म-15 जारी किया गया। इसके अलावा 14 दवाओं के बिक्री बिल भी उपलब्ध नहीं कराए गए।
एक औषधि की वास्तविकता पर संदेह होने के कारण उसे चिह्नित किया गया, जबकि दो दवाओं के नमूने गुणवत्ता जांच के लिए लिए गए।
इसी रोड पर आर.सी. पैलेस स्थित सरस्वती फार्मा में 11 औषधियों के संबंध में फॉर्म-15 जारी किया गया। यहां 15 दवाओं के बिक्री बिल नहीं मिले। बिक्री बिलों की कार्बन प्रतियां भी उपलब्ध नहीं थीं। जांच टीम को एक्सपायरी दवाओं के रखरखाव में गड़बड़ी मिली। पशु चिकित्सा से जुड़ी दवाएं भी अलग से नहीं रखी गई थीं। टीम ने तीन दवाओं के नमूने लिए।
वहीं, मां भवानी ड्रग हाउस में 10,717 रुपये मूल्य की एक्सपायरी दवाएं मिलीं। एविल टैबलेट की बिक्री का विवरण भी प्रस्तुत नहीं किया गया। 18 दवाओं के खरीद बिल नहीं मिलने पर फॉर्म-15 जारी हुआ। इसके अलावा 8,925 रुपये मूल्य की गलत लेबल वाली एक दवा को फॉर्म-16 के तहत जब्त किया गया।
पटना के एक अन्य प्रतिष्ठान से Cefil-CV की दवाएं जब्त
जैन सदन के सामने मंजू विला स्थित एक अन्य दवा प्रतिष्ठान से Cefil-CV की 250, 750 और 500 एमजी की तीन अलग-अलग बैच की दवाएं जब्त की गईं। इनकी कुल मात्रा 13 स्ट्रिप और कीमत 7,751.60 रुपये बताई गई है। यहां चार प्रकार की दवाओं के नमूने भी लिए गए।
बिना लाइसेंस चल रहे प्रतिष्ठानों से भी जब्ती
जांच अभियान के दौरान दो ऐसे प्रतिष्ठान मिले, जो बिना अनुज्ञप्ति के दवाओं का कारोबार कर रहे थे। इनमें गौतम मेडिकल हॉल, मधुबन (पूर्वी चंपारण) से 107 प्रकार की दवाएं जब्त की गईं, जिनकी कीमत 46,600 रुपये बताई गई है।
पूर्णिया के पोखरिया स्थित बिना अनुज्ञप्ति वाले प्रतिष्ठान से 34 प्रकार की दवाएं जब्त हुईं। इनकी कीमत 12,317 रुपये है। इसके अलावा:
डोभी मेडिकल हॉल, गयाजी से Bett Ampoule नामक दवा जब्त की गई, जिसकी कीमत 1,597 रुपये है।
प्रिंस मेडिकल एजेंसी, बसंतपुर, सिवान से 14 प्रकार की दवाएं जब्त की गईं। इनकी कीमत 14,209 रुपये बताई गई है।
छह प्रतिष्ठानों से मिला जवाब, 13 के मामले लंबित
विभाग के अनुसार, निरीक्षण में सामने आई अनियमितताओं को लेकर छह दवा प्रतिष्ठानों से स्पष्टीकरण प्राप्त किया गया है। वहीं, 13 अन्य प्रतिष्ठानों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने की कार्रवाई अभी लंबित है।
औषधि नियंत्रण विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य दवा बाजार में नियमों का पालन सुनिश्चित करना और अवैध या संदिग्ध दवाओं की बिक्री पर रोक लगाना है। जब्त दवाओं के नमूनों की गुणवत्ता जांच के नतीजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

