दरभंगा में CRPF जवान की पत्नी की संदिग्ध मौत, पति-ससुर हिरासत में
बिहार के दरभंगा जिले के केवटी थाना क्षेत्र में CRPF जवान की 34 वर्षीय पत्नी रिंकू देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना कोयलास्थान पंचायत के वार्ड नंबर-3 की है। मृतका के पिता ने पति, सास और ससुर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पति पिंटू यादव और ससुर सुरेश यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पिता ने दहेज प्रताड़ना और हत्या का लगाया आरोप
रिंकू देवी हरपुर गांव निवासी पिंटू यादव की पत्नी थीं। उनके पिता रामनारायण यादव के मुताबिक, वर्ष 2014 में हिंदू रीति-रिवाज से दोनों की शादी हुई थी। शादी में करीब 25 लाख रुपये, मोटरसाइकिल, सोना-चांदी और अन्य सामान दिए गए थे।
पिता का आरोप है कि शादी के बाद से ही रिंकू को दहेज के लिए परेशान किया जाता था। पति पिंटू, सास रीता देवी और ससुर सुरेश यादव मायके से रुपये लाने का दबाव बनाते थे और उनके साथ मारपीट करते थे।
रामनारायण यादव ने थाने में लिखित शिकायत देकर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है।
तीन दिन से बेटी से नहीं हो पा रही थी बात
मृतका के पिता ने बताया कि घटना से करीब तीन दिन पहले से उनकी बेटी से बातचीत नहीं हो पा रही थी। उनका आरोप है कि ससुराल वालों ने रिंकू का मोबाइल फोन भी छीन लिया था।
इसके बाद दामाद ने फोन कर बताया कि रिंकू की हालत गंभीर है और उन्हें जल्द ससुराल पहुंचना चाहिए। जब मायके वाले वहां पहुंचे तो रिंकू की मौत हो चुकी थी।
परिजनों का दावा है कि रिंकू के चेहरे, गाल, पीठ और कमर पर चोट के निशान थे। उन्होंने शरीर पर बेल्ट से पिटाई और गले पर दबाव के निशान होने की बात भी कही है। इन दावों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होनी बाकी है।
सीढ़ी से गिरने की बात बताने का परिजनों का दावा
रिंकू के भाई मन्नू कुमार यादव ने बताया कि उनके बहनोई दहेज में बार-बार रुपये की मांग करते थे। परिवार के लोग पहले भी कई बार ससुराल जाकर पति-पत्नी के बीच विवाद सुलझाने की कोशिश कर चुके थे।
भाई के अनुसार, घटना के दिन परिवार को फोन कर बताया गया कि रिंकू सीढ़ी से गिर गई हैं। जब वे ससुराल पहुंचे तो रिंकू मृत अवस्था में पड़ी थीं।
दो बच्चों के भविष्य को लेकर परिवार चिंतित
रिंकू देवी के दो बच्चे हैं। उनका 11 वर्षीय बेटा विक्की और 8 वर्षीय बेटी मिक्की दरभंगा के केंद्रीय विद्यालय में पढ़ते हैं।
मां की मौत के बाद दोनों बच्चों की परवरिश और भविष्य को लेकर मायके पक्ष ने चिंता जताई है। परिवार ने प्रशासन से बच्चों की सुरक्षा और उचित देखभाल की व्यवस्था करने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी पिंटू यादव दुर्गा पूजा की छुट्टी में घर आया था और उसके बाद से गांव में ही रह रहा था।
पति और ससुर हिरासत में, सास की तलाश
केवटी थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी पति पिंटू यादव और उसके पिता सुरेश यादव को हिरासत में लिया है, जबकि सास रीता देवी फिलहाल फरार बताई गई हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

