संविधान दिवस पर दक्ष और श्रेया ने की कोर्ट मैरिज, दुल्हन ने उठाई शादी की उम्र बढ़ाने की मांग
पटना: संविधान दिवस यानी 26 नवंबर को गयाजी के दक्ष आर्यन और श्रेया तिवारी ने परिवारों की सहमति से कोर्ट मैरिज की। करीब सात साल से एक-दूसरे को जानने वाले इस जोड़े ने दहेज मुक्त और इंटरकास्ट विवाह कर सामाजिक संदेश दिया। शादी के बाद श्रेया ने बिहार और उत्तर प्रदेश सरकार से लड़कियों की शादी की न्यूनतम उम्र बढ़ाकर 23 से 24 साल करने की मांग की।
नौ साल की भांजी ने दिया संविधान दिवस पर शादी का सुझाव
दूल्हे दक्ष आर्यन के मुताबिक, संविधान दिवस पर शादी करने का विचार उनकी नौ साल की भांजी स्वाति ने दिया था। उसने सुझाव दिया कि अगर मामा को इंटरकास्ट मैरिज करनी है तो संविधान दिवस के दिन शादी करें।
दक्ष ने बताया कि वह गयाजी के रहने वाले हैं और बीबीए की पढ़ाई के साथ स्टॉक मार्केट ट्रेडिंग तथा गैस एजेंसी का काम भी संभालते हैं। उनके अनुसार, कोर्ट मैरिज शादी को कानूनी मान्यता और सुरक्षा देने का एक माध्यम है। इच्छानुसार बाद में पारंपरिक रीति-रिवाजों से भी आयोजन किया जा सकता है।
स्कूल की दोस्ती सात साल बाद शादी तक पहुंची
दक्ष और श्रेया की पहचान स्कूल के दिनों में गोरखपुर में हुई थी। दोनों करीब सात साल से एक-दूसरे को जानते हैं। श्रेया ने बताया कि स्कूल में दोस्ती हुई और समय के साथ उनका रिश्ता शादी तक पहुंच गया।
दक्ष के पिता दिलीप कुमार ने बताया कि दोनों की आपसी समझ और परिपक्वता को देखते हुए परिवारों ने इस विवाह पर सहमति दी। उन्होंने कहा कि दक्ष कोईरी-कुशवाहा परिवार से हैं, जबकि श्रेया तिवारी परिवार से हैं।
परिवार ने दहेज प्रथा से दूर रहते हुए इंटरकास्ट शादी का समर्थन किया। दिलीप कुमार के अनुसार, शादी में फिजूलखर्ची और दहेज पर पैसा खर्च करने के बजाय उसका बेहतर इस्तेमाल किया जाना चाहिए।
श्रेया ने शादी की उम्र 23-24 साल करने की मांग की
श्रेया तिवारी ने कहा कि लड़कियों को पहले शिक्षा हासिल करने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलना चाहिए। इसके लिए उन्होंने बिहार और उत्तर प्रदेश सरकार से लड़कियों की शादी की न्यूनतम उम्र बढ़ाकर 23 से 24 साल करने की अपील की।
उनका मानना है कि इस उम्र तक लड़कियां आर्थिक रूप से सक्षम बन सकती हैं और जीवन से जुड़े फैसले बेहतर तरीके से ले सकती हैं। उन्होंने कहा कि शादी जैसा महत्वपूर्ण कदम सोच-समझकर उठाना चाहिए।
श्रेया के पिता का पिछले वर्ष ब्रेन हैमरेज के कारण निधन हो गया था। वह फार्मा क्षेत्र में नौकरी करते थे।
परिवार की सहमति से हुआ विवाह
इस शादी में दोनों परिवारों की सहमति रही। जोड़े ने कानूनी प्रक्रिया के तहत विवाह किया है। श्रेया के मुताबिक, आगे समय मिलने पर अन्य पारंपरिक आयोजन किए जाएंगे।
संविधान दिवस पर हुई इस शादी में दहेज से दूरी, अंतरजातीय विवाह और लड़कियों की आत्मनिर्भरता जैसे मुद्दे चर्चा में रहे।

