दरभंगा एयपोर्ट से मुंबई के लिए अकासा एयरलाइंस की सीधी उड़ान, सांसद बोले- जल्द बनेगा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा
दरभंगा एयपोर्ट से मुंबई के लिए अकासा एयरलाइंस की सीधी उड़ान, सांसद बोले- जल्द बनेगा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा
बिहार के लोगों के लिए खुशखबरी है। अकासा एयरलाइंस ने अब दरभंगा एयरपोर्ट से मुंबई के लिए सीधी फ्लाइट शुरू कर दी है। मुंबई और दरभंगा के बीच मंगलवार से नई उड़ान का परिचालन होने से यात्रियों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। इस रूट पर अकासा एयर की पहली उड़ान अपने नियत समय से चार मिनट पहले दरभंगा एयरपोर्ट पर पहुंची। विमान के दरभंगा पहुंचने का एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों को बेसब्री से इंतजार था। नई उड़ान शुरू होने से उनकी यात्रा और सुलभ हो जाएगी।
दरभंगा-मुंबई रूट पर परिचालन कर रही तीन विमानन कंपनियों के बीच व्यावसायिक प्रतिद्वंदिता से टिकट की कीमतों में भी कमी होने की उम्मीद यात्री लगाए बैठे हैं। दरभंगा एयरपोर्ट पर अकासा की फ्लाइट निर्धारित समय सुबह 10.30 बजे लैंड करने पर उसका स्वागत किया गया। फ्लाइट से उतरने और सवार होने वाले यात्रियों का भी कंपनी के प्रतिनिधियों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इधर से मुंबई के लिए फ्लाइट दोपहर 02.10 बजे मुंबई के लिए रवाना हुई। आकासा के टर्मिनल मैनेजर रवि शुक्ला ने बताया कि फ्लाइट में उपलब्ध सभी 180 सीटें फुल थीं।
अकासा की फ्लाइट में सभी सीटें इकॉनमी क्लास की हैं। यह फ्लाइट रोजाना सुबह 10.55 बजे मुंबई से उड़ान भरकर दोपहर 1.30 बजे दरभंगा पहुंचेगी। दरभंगा एयरपोर्ट से दोपहर 2.10 बजे उड़ान भरकर फ्लाइट शाम 4.45 बजे मुंबई पहुंचेगी। मालूम हो कि दरभंगा और मुंबई के बीच अकासा और स्पाइसजेट की फ्लाइट सप्ताह में सातों दिन उपलब्ध हैं। वहीं, इस रूट पर इंडिगो का परिचालन सप्ताह में पांच दिन होता है।
उधर, सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने एयरपोर्ट डायरेक्टर, अकाशा कंपनी के प्रबंधक तथा अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में आकासा की मुंबई की उड़ान सेवा का विधिवत उद्घाटन किया तथा केक काटकर शुभकामना दी। सांसद डॉ. ठाकुर ने मुंबई के लिए यात्री को बोर्डिंग पास देकर रवाना किया। सांसद डॉ. ठाकुर ने अकासा कंपनी की ओर से मुंबई के लिए शुरू की गयी उड़ान सेवा को मुंबई के प्रवासी मिथिलावासियों के लिए दूरगामी पहल बताते हुए कहा कि मुंबई में रह रहे करोड़ों लोगों को इस उड़ान सेवा से यात्रा करने में सहूलियत होगी।
अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनेगा दरभंगा: सांसद
सांसद डॉ. ठाकुर ने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के रूप में तब्दील किया जाएगा। इसके लिए सभी औपचारिकताओं को ससमय पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि नए टर्मिनल भवन व नाइट लैंडिंग की प्रक्रिया जहां अंतिम चरण में है, वहीं एयरपोर्ट पर सीआईएसएफ कैम्प की स्थापना के लिए सौ एकड़ जमीन के लिए राज्य सरकार व जिला प्रशासन गंभीरता से पहल कर रहा है।