जाति, निवासी, आय प्रमाण पत्रों के लिए ब्लॉक का चक्कर खत्म, बिहार के पंचायतों में 65 तरह की सेवाएं
जाति, निवासी, आय प्रमाण पत्रों के लिए ब्लॉक का चक्कर खत्म, बिहार के पंचायतों में 65 तरह की सेवाएं
बिहार के 8053 ग्राम पंचायतों में संचालित आरटीपीएस केंद्रों पर अब 65 तरह की सेवाएं मिलेंगी। इसमें 45 तरह की नई सेवाएं हैं। इसके पहले जाति, आवास, आय प्रमाण पत्र सहित 20 तरह की सेवाएं ही मिल रही थी। आरटीपीएस केंद्रों पर 45 नई सेवाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को अब सरकारी सेवाओं के लिए प्रखंड या जिला मुख्यालय नहीं जाना पड़ेगा।
इस सप्ताह से लोगों को यह सुविधाएं मिलनी शुरू हो जाएंगी। नई सेवाओं में कृषि, खाद्य उपभोक्ता संरक्षण, परिवहन, योजना विकास, राजस्व एवं भूमि सुधार, शिक्षा तथा समाज कल्याण विभाग से जुड़ी महत्वपूर्ण सेवाएं शामिल की गई हैं।
छात्रवृत्ति योजना की भी सुविधा मिलेगी
अब ग्राम पंचायतों में संचालित आरटीपीएस केंद्रों पर छात्रवृत्ति योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना, राशन कार्ड, वाहनों की डुप्लीकेट आरसी, फिटनेस नवीनीकरण, ऑनलाइन दाखिल-खारिज, आरसी रिलीज, वाहन पंजीकरण का नवीनीकरण, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए आवेदन, जमाबंदी ऑनलाइन देखना व प्रिंट लेना तथा माप-तौल उपकरणों के लिए लाइसेंस जैसे आवेदन अब किए जा सकेंगे।
पैसा और समय भी बचेगा
ग्राम पंचायतों में इस तरह की सुविधा से ग्रामीण नागरिकों को अब समय, पैसा और संसाधनों की बचत होगी। वे अपने काम में ज्यादा समय दे पाएंगे।
अब तक की व्यवस्था
2019 में ग्राम पंचायतों में आरटीपीएस केंद्र से लोगों को जाति, आवास, आय और प्रवासी मजदूर दुर्घटना अनुदान आदि की सुविधाएं मिलनी शुरू हुई थीं। बाद में और सेवाओं को जोड़ने के बाद 20 तरह की सेवाएं मिल रहीं थी। बता दें कि लंबे समय से इन सेवाओं की जरूरत महसूस की जा रही थी। अब नई व्यवस्था से लोगों को काफी सहूलियत होगी।
Source – liveindustan