हाजीपुर में पुलिस कस्टडी में कैदी की मौत, ट्रैक्टर चोरी का लगा था आरोप
हाजीपुर में पुलिस कस्टडी में कैदी की मौत, ट्रैक्टर चोरी का लगा था आरोप
हाजीपुर। पुलिस अभिरक्षा में एक कैदी का इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक चेहरा कला प्रखंड अंतर्गत कटहरा थाना क्षेत्र के बस्ती सरसीकन पंचायत के किशुनपुर तिलौर गांव निवासी स्वर्गीय मैनेजर सहनी के 55 वर्षीय पुत्र वैद्यनाथ साहनी थे।
बताया गया है कि गंगा ब्रिज थाना कि पुलिस ने ट्रैक्टर चोरी के मामले में बुधवार की रात गिरफ्तार किया था। अचानक तबीयत खराब होने के बाद उसकी मौत हो गई।
वहीं, इस मामले पर सदर एसडीपीओ वन सुबोध कुमार ने बताया कि गंगा ब्रिज थाना अंतर्गत 28-29 जून की रात्रि एक ट्रैक्टर चोरी का मामला प्रतिवेदित हुआ था।
प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान के क्रम में कल रात में करीब 8:00 बजे उसे गिरफ्तार किया गया। उनके निशानदेही पर ट्रैक्टर भी बरामद किया गया। उसके बाद थाना पर लाया गया।
थाना लाने के उपरांत उनकी तबीयत कुछ बिगड़ गई थी। तबीयत बिगड़ने के बाद उसे निजी अस्पताल में लाया गया। वहां से सदर अस्पताल रेफर किया गया। सदर अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई।
उन्होंने कहा कि मजिस्ट्रेट के निगरानी में शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। वैद्यनाथ साहनी के विरुद्ध कटरा थाना में एक ट्रैक्टर चोरी का मामला पूर्व में दर्ज है।
इस संबंध में मृतक के परिवार वालों ने बताया कि बीते बुधवार की दोपहर कटहरा थाना एवं गंगा ब्रिज थाना की पुलिस ने वैद्यनाथ साहनी को गिरफ्तार किया था।
गिरफ्तार करके हाजीपुर ले आई। उनके साथ मारपीट भी किया गया और टॉर्चर किया गया। पुलिस के द्वारा सूचना दिया गया कि तबीयत खराब हो गई। उसके बाद फिर सूचना मिली कि उनकी सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
कैदी की मौत के बाद पुलिस प्रशासन ने सदर अस्पताल को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। परिजनों ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया है। इस संबंध में सदर-1 एसडीपीओ सुबोध कुमार ने बताया कि ट्रैक्टर चोरी के मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लाया गया था। उसके निशानदेही पर ट्रैक्टर भी बरामद किया गया। तबीयत खराब होने के बाद उसे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टर ने सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनकी मौत हो गई। मजिस्ट्रेट की निगरानी में शव की पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।