महिलाओं को काम गिनाएंगे नीतीश, शुक्रवार से 2 महीने संवाद, पहले दिन 600 जगह कार्यक्रम
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शुक्रवार को महिला संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। पटना के एक अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास से नीतीश सुबह साढ़े 10 बजे इसकी शुरुआत करेंगे। साथ ही वह 50 वाहनों को विभिन्न प्रखंडों के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना भी करेंगे। पहले दिन बिहार में 600 जगहों पर महिला संवाद होगा। महिला संवाद कार्यक्रम अगले दो महीने तक चलेगा। इस दौरान हर जिले में सरकार की ओर से महिलाओं को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इस साल होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव से पहले नीतीश सरकार का यह कार्यक्रम अहम माना जा रहा है।
राज्य सरकार की ओर से पूर्व में मिली जानकारी के अनुसार अगले दो महीने तक 70 हजार जगहों पर महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके लिए जगहों का चयन कर लिया गया है। महिला संवाद के लिए 600 गाड़ियां गांव-गांव घूमेंगी। संवाद में दो करोड़ महिलाओं के शामिल होने का दावा भी किया जा रहा है। इनमें से 1.35 लाख जीविका दीदियां शामिल होंगी।
बिहार के सभी 38 जिलों में महिला संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पटना जिले में 1395 जगहों पर कार्यक्रम होंगे। राज्य भर में रोजाना औसतन 1200 जगहों पर आयोजन होगा। इसे सुबह और शाम के समय में आयोजित किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि नीतीश सरकार की ओर से महिला संवाद के जरिए महिलाओं के सशक्तिकरण और उनके आर्थिक एवं सामाजिक विकास के लिए चलाई जा रहीं योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इनमें महिला सशक्तिकरण नीति 2015, महिला आरक्षण, नशामुक्ति अभियान, बाल विवाह एवं दहेज प्रथा उन्मूलन अभियान, जीविका योजना, सीएम कन्या उत्थान योजना, बालिका पोशाक योजना समेत अन्य योजना शामिल हैं।