राजद सुप्रीमो लालू यादव की तबीयत बिगड़ी, पटना के पारस अस्पताल में भर्ती
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की तबीयत बिगड़ गई है। बुधवार दोपहर को उन्हें पटना के पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां डॉक्टर उनका इलाज कर रहे हैं। उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना से दिल्ली भी ले जाया जा सकता है। जानकारी के अनुसार शरीर में घाव होने के कारण लालू परेशानी महसूस कर रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पारस अस्पताल में विशेषज्ञों की देखरेख में लालू का इलाज किया जा रहा है। उन्हें शाम में एयर इंडिया के विमान से दिल्ली ले जाया जाना था। मगर किन्हीं कारणों से वे अभी दिल्ली नहीं गए। पारस अस्पताल में लालू के साथ तेजस्वी यादव और परिवार के अन्य सदस्य भी मौजूद हैं। राबड़ी देवी भी अस्पताल पहुंच रही हैं।
रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि राबड़ी आवास में ही राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव का इलाज किया जा रहा था। उनके बिगड़ते स्वास्थ्य को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें दिल्ली ले जाने की सलाह दी। यह भी जानकारी सामने आ रही है कि पिछले दो-तीन दिनों से लालू प्रसाद यादव बीमार हैं।
बता दें कि साल 2022 में लालू प्रसाद यादव का किडनी ट्रांसप्लांट भी हुआ था। किडनी ट्रांसप्लांट के बाद लालू यादव काफी स्वस्थ नजर आ रहे थे। इससे पहले 2014 में उनकी ओपन हार्ट सर्जरी भी हुई थी। साल 2022 में लालू प्रसाद यादव की एंजियोप्लास्टी हुई थी।
राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव की तबीयत को लेकर फिलहाल कुछ मीडिया रिपोर्ट में यह भी कहा जा रहा है कि उनका ब्लड शुगर लेवल बढ़ गया है। लालू यादव की तबीयत को लेकर आरजेडी कार्यकर्ताओं और समर्थक चिंतित हैं तथा उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।