अयोध्या-जनकपुर पहली ट्रेन पहुंची नेपाल, जय श्रीराम के नारों से गूंजा स्टेशन
अयोध्या और नेपाल के जनकपुरधाम के बीच शुरू हुई सरयू-कमला एक्सप्रेस की पहली यात्रा मंगलवार, 24 नवंबर 2026 को जनकपुरधाम रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन के पहुंचने पर यात्रियों का स्वागत किया गया और स्टेशन परिसर ‘जय श्रीराम’ तथा ‘माता सीता की जय’ के नारों से गूंज उठा। इस रेल सेवा से बिहार के रास्ते भारत और नेपाल के दो प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच सीधा संपर्क स्थापित हुआ है।
सीतामढ़ी जंक्शन से भी 85 यात्री इस विशेष यात्रा में सवार होकर जनकपुरधाम पहुंचे। यात्रियों ने अयोध्या से माता सीता की जन्मभूमि तक सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने पर खुशी जताई।
अयोध्या से जनकपुर पहुंची सरयू-कमला एक्सप्रेस
सरयू-कमला एक्सप्रेस की शुरुआत 23 नवंबर को अयोध्या से हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह ने वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाई।
पहली यात्रा के दौरान बिहार के कई स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव हुआ। सीतामढ़ी से जनकपुर जाने वाले यात्रियों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
यात्री कैलाश पासवान ने कहा कि अयोध्या और जनकपुर को जोड़ने वाली सीधी ट्रेन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इस सेवा से श्रद्धालुओं को दोनों धार्मिक स्थलों की यात्रा में सुविधा मिलेगी।
बिहार के इन स्टेशनों पर होगा ट्रेन का ठहराव
सरयू-कमला एक्सप्रेस उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल को रेल मार्ग से जोड़ती है। इसके निर्धारित ठहराव में बिहार के कई महत्वपूर्ण स्टेशन शामिल हैं।
- जयनगर
- मधुबनी
- शीशो (दरभंगा)
- सीतामढ़ी
- रक्सौल
- नरकटियागंज
इसके अलावा ट्रेन गोरखपुर, बस्ती और मनकापुर होते हुए अयोध्या पहुंचेगी। रेलवे के अनुसार, ट्रेन का प्राथमिक रखरखाव जयनगर में होगा।
कब और कितने बजे चलेगी नियमित ट्रेन?
पहली यात्रा विशेष ट्रेन के रूप में संचालित हुई है। नियमित साप्ताहिक यात्री सेवा 28 नवंबर 2026 से शुरू होने वाली है।
जनकपुरधाम से अयोध्या कैंट:
- ट्रेन संख्या: 15595
- दिन: प्रत्येक शनिवार
- प्रस्थान: दोपहर 1:10 बजे (नेपाल समय)
- जयनगर आगमन: दोपहर 2:10 बजे (भारतीय समय)
- अयोध्या कैंट आगमन: रविवार सुबह 8:10 बजे
अयोध्या कैंट से जनकपुरधाम:
- ट्रेन संख्या: 15596
- दिन: प्रत्येक सोमवार
- प्रस्थान: शाम 5:50 बजे
- सीतामढ़ी आगमन: मंगलवार सुबह 4:42 बजे
- जनकपुरधाम आगमन: मंगलवार दोपहर 12:40 बजे (नेपाल समय)
नेपाल का समय भारतीय समय से 15 मिनट आगे है। इसलिए दोनों देशों के स्टेशनों का समय देखते समय इस अंतर का ध्यान रखना जरूरी है।
धार्मिक पर्यटन और भारत-नेपाल संबंधों को मिलेगा बढ़ावा
अयोध्या भगवान श्रीराम की नगरी के रूप में प्रसिद्ध है, जबकि नेपाल का जनकपुरधाम माता सीता की जन्मभूमि के रूप में श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है।
सीधी रेल सेवा से यात्रियों को बीच में ट्रेन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे रामायण सर्किट से जुड़े धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
रेलवे सुरक्षा एजेंसियों ने पहली यात्रा के दौरान स्टेशनों और ट्रेन की बोगियों की जांच भी की। जयनगर में स्थानीय पुलिस, रेलवे सुरक्षा बल और सशस्त्र सीमा बल ने डॉग स्क्वायड की मदद से सुरक्षा जांच की।
सरयू-कमला एक्सप्रेस से बिहार के मिथिलांचल क्षेत्र को भी नेपाल के जनकपुरधाम से सीधा रेल संपर्क मिला है। इससे श्रद्धालुओं के साथ-साथ सीमा पार आवागमन और पर्यटन को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

